परिवार के साथ मेला देखने पहुंचा था नकुल निषाद, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मीना बाजार में देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे एक युवक की हवाई झूले से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान खरसिया के पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
झूले में अचानक झटका लगने से नीचे गिरा युवक
जानकारी के अनुसार, नकुल निषाद अपने परिवार के साथ मीना बाजार घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह हवाई झूले में बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि झूले में अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गया। गिरने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
हादसे के बाद घायल नकुल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और झूले में आई खराबी या किसी अन्य वजह से युवक नीचे गिरा, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना ने मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।











