रायगढ़। घरघोड़ा विकासखंड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का 29 अक्टूबर को उत्साह और खेल भावना के माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्लस्टरों से पहुंचे लगभग 515 बालक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांकेर क्लस्टर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और फुटबॉल सहित विभिन्न टीम स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए मुकाबलों को रोमांचक बनाया।
टीम स्पर्धाओं के परिणामों में कबड्डी में धमतरी क्लस्टर ने प्रथम, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) ने द्वितीय और सरगुजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। खो-खो में कांकेर क्लस्टर प्रथम, धमतरी द्वितीय और बलरामपुर तृतीय स्थान पर रहा।
इसी तरह वॉलीबॉल में बलरामपुर ने पहला, जीपीएम ने दूसरा और कांकेर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बास्केटबॉल में कांकेर प्रथम, बस्तर द्वितीय और बलरामपुर तृतीय रहा। वहीं फुटबॉल में कांकेर ने प्रथम, बलरामपुर ने द्वितीय और सुकमा क्लस्टर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सांसद राधेश्याम राठिया ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसाई सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कुमार बेसरा तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार शामिल हुए। इसके अलावा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रामश्याम डनसेना, श्री मुकेश राठिया और श्रीकांत राठिया भी समारोह में मौजूद रहे।
अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना बनाए रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के नोडल अधिकारी एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर के प्राचार्य श्री मनीराम जांगड़े के मार्गदर्शन में पूरी प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
प्रतियोगिता ने जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया। कांकेर क्लस्टर के ओवरऑल चैंपियन बनने के साथ ही आयोजन का समापन खिलाड़ियों के उत्साह, उपलब्धियों और खेल भावना की यादगार छाप छोड़ गया।











