रायगढ़, 4 नवंबर 2026। बोर्ड परीक्षा 2027 में जिले के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड पुसौर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, औरदा में मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विषय विशेषज्ञों ने बताए बेहतर तैयारी के तरीके
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए प्रभावी रणनीतियों की जानकारी दी।
इस दौरान विषयवार अध्ययन, कठिन प्रश्नों के समाधान, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन की सही शैली और पाठ्यक्रम के नियमित दोहराव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
तनाव से दूर रहने और आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर
कार्यशाला में विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने और अनावश्यक तनाव से दूर रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार के महत्व को भी समझाया गया।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की विषयगत जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास और सुनियोजित तैयारी के लिए प्रेरित किया, ताकि वे बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
शिक्षा अधिकारियों और मास्टर प्रशिक्षकों की रही उपस्थिति
कार्यशाला में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष सिन्हा एवं उत्तर सिदार, प्राचार्य छबिलाल चौधरी, अनिल गुप्ता, गणेश प्रसाद साहू सहित विभिन्न विषयों के मास्टर प्रशिक्षक और विद्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।











