
जिला बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस ने नागरिक संगठनों के सहयोग से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तखतपुर में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल (आईएएस) ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुशासन विद्यार्थियों के समग्र विकास की मजबूत नींव हैं। उन्होंने किशोरियों को सही जानकारी प्राप्त कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह (आईपीएस) ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने छात्राओं से निर्भीक, सजग और आत्मविश्वासी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर छात्राओं को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने जैसे विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा उन्हें समाज तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, आर्यन फिल्म, पूर्व यातायात एसआई उमाशंकर पाण्डेय, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।










