रायगढ़। 8 अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जुलाई माह में विभिन्न थानों द्वारा अपराध नियंत्रण और पुलिस अभियानों के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
अवैध प्रवासियों की जांच पर विशेष जोर
बैठक में अवैध प्रवासियों की जांच, ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन शंखनाद, ऑपरेशन क्लीन हंट, ऑपरेशन अंकुश और अभियान संवेदना के तहत जुलाई 2026 में हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एएसपी ने कहा कि बाहरी तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होटल और मकान मालिकों द्वारा अपने यहां ठहरने वाले लोगों एवं किरायेदारों की जानकारी रखना जरूरी है।
उन्होंने थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर होटल संचालकों और मकान मालिकों से किरायेदारों एवं ठहरने वाले व्यक्तियों की जानकारी ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से अपलोड कराने के निर्देश दिए।
जुआ-सट्टा और नशे के खिलाफ सख्ती
एएसपी अनिल सोनी ने जुआ-सट्टा और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टा संगठित रूप से संचालित नहीं होना चाहिए। अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला और बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता
महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फरार आरोपियों की धरपकड़ और लंबित गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
2025 और 2026 के अपराध आंकड़ों की समीक्षा
बैठक में वर्ष 2025 और 2026 के प्रथम सात महीनों में दर्ज अपराधों, पुलिस कार्रवाई और अपराधों के निराकरण की तुलनात्मक समीक्षा की गई। जिन थानों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं लघु अधिनियम के तहत अपेक्षाकृत कम कार्रवाई पाई गई, वहां कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
लंबित गंभीर अपराधों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए एएसपी ने थाना प्रभारियों और विवेचकों से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी ली तथा जल्द निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। लंबित मर्ग और शिकायतों की भी समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।
आदतन बदमाशों पर धारा 129 BNSS में कार्रवाई
एएसपी ने संदिग्ध एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आदतन बदमाशों के विरुद्ध धारा 129 BNSS (पूर्व धारा 110 CrPC) के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि अपराधों की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
बैठक में अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।








