
बिजली समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित स्थानीय जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तय
लैलूंगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लैलूंगा की मासिक विस्तृत संगठनात्मक बैठक आज स्थानीय यादव भवन, लैलूंगा में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पिछले एक माह के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक से पहले विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार के स्वर्गीय पति और कांग्रेस नेता श्री कुंज बिहारी सिदार को श्रद्धांजलि अर्पित किया गया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आम जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि कांग्रेस संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के सुख-दुख और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहने वाला संगठन है।
बैठक में प्रदेश एवं क्षेत्र में बिजली की बढ़ती कीमतों और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बिजली के मुद्दे पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस ने मांग की कि बिजली के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं तथा पूर्व में लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू किया जाए। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर को हटाकर सामान्य पुराने मीटर लगाए जाने, स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को प्राप्त हो रहे अधिक बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करने की मांग उठाई गई। बैठक में यह भी कहा गया कि बिजली वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, उपभोक्ता हितैषी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। इन मांगों को लेकर पहले व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा और इसके पश्चात चरणबद्ध आंदोलन करते हुए बिजली कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक में लैलूंगा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर चर्चा हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि आदिवासी एवं ग्रामीण बहुल लैलूंगा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए शासकीय अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। सामान्य उपचार के लिए भी लोगों को दूर-दराज के बड़े शहरों की ओर जाने की स्थिति समाप्त होनी चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लैलूंगा की प्रभारी युसूफ छाया ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ एवं पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संगठन के मंच पर उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता से सीधे जुड़े और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करे।जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम सागर पटेल ने कहा कि कांग्रेस का संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनेंगे। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित न रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की बात कही। उन्होंने बिजली, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा शासन-प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र शाह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और जनहित के संघर्ष को साथ-साथ आगे बढ़ाना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लैलूंगा क्षेत्र की जनता जिन समस्याओं से जूझ रही है, उन समस्याओं को कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी गंभीरता से उठाएंगे। संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी जिम्मेदारी के अनुरूप जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस का कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। हम केवल समस्याओं की चर्चा नहीं करेंगे, बल्कि जनता की आवाज बनकर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं निर्णायक संघर्ष करेंगे।”
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिलीप केरकेट्टा, आलोक गोयल,धर्मेंद्र बेहरा, सतीश शुक्ला, करुणा प्रधान,प्रमोद प्रधान शंकर लाल यादव,पूर्णावती पैंकरा, किरण पैंकरा, जग लाल भगत,शंकर सिदार, हेमानंद गुप्ता, शुभम गुप्ता, मगन सिदार, गुलाब सिंह, घन राम यादव, सीताराम यादव, महेश भगत, दीनबंधु पटेल, ललित राठिया, करम सिंह, चक्रधर सिद्धार, भोजराम राठिया, सुरेश राठिया, शिव शंकर पैंकरा, सुरेंद्र सिदार, जगदीश सिदार, जीवन सिदार, निवास लकड़ा, जागेश्वर सिदार, गुण निधि भोई अप्रांश सिंह सम्राट महंत आदी के साथ सैकड़ो की संख्या में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।








