छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा 4 अक्टूबर को, 84 केन्द्रों में शामिल होंगे 19092 हजार अभ्यर्थी

spot_img

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद हो जाएगा केन्द्र का मुख्य द्वार, अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह

रायगढ़, 29 सितम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (SET 26) का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जिला रायगढ़ में परीक्षा के लिए कुल 84 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 19 हजार 92 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10 बजे से 11.15 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4.15 बजे तक होगी।
परीक्षा को सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) के लिए एक पुरुष एवं एक महिला पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिसकर्मी द्वारा की जाएगी।

दो घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचने की सलाह

परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले अपने परीक्षा केन्द्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्र के सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। साथ ही परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर केन्द्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केन्द्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केन्द्र में इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध

परीक्षार्थियों को परीक्षा में हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनकर परीक्षा केन्द्र आने की अनुमति नहीं होगी। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना भी वर्जित रहेगा। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर अनावश्यक सामान लेकर नहीं आने की सलाह दी गई है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनकर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केन्द्र पर रिपोर्ट करना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट निकालकर लाना होगा। प्रवेश पत्र के प्रत्येक पेज को केवल एक तरफ प्रिंट करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा के लिए व्यापम की प्रति परीक्षा केन्द्र में जमा की जाएगी। प्रवेश पत्र के साथ अभ्यर्थी को फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र भी अनिवार्य रूप से लाना होगा। पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड अथवा आधार कार्ड में से कोई एक मूल दस्तावेज मान्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र में अभ्यर्थी का फोटो प्रदर्शित नहीं हो रहा है, तो अभ्यर्थी को अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केन्द्र पहुंचना होगा।

उत्तर लिखने के लिए केवल नीले या काले बॉल पॉइंट पेन का उपयोग

अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन का उपयोग करना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधे घंटे तथा परीक्षा समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

निर्देशों का पालन नहीं करने पर परीक्षा से किया जा सकता है वंचित

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सभी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। निर्देशों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने से वंचित किया जा सकता है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा दिवस से पहले अपने प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केन्द्र, परीक्षा समय एवं अन्य आवश्यक विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें तथा परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पर्याप्त पहले केन्द्र में पहुंचकर परीक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लें। चयन अथवा प्रवेश के समय प्रवेश पत्र की आवश्यकता पड़ सकती है, इसलिए अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। व्यापम द्वारा प्रवेश पत्र दोबारा जारी नहीं किया जाएगा।

चंद्रशेखर जायसवाल
चंद्रशेखर जायसवाल
OWNER/EDITOR - CHANDRASHEKHAR JAISAWAL Mo.-9340765733
spot_img
spot_img

Recent Posts

खेत में पहुंचकर कलेक्टर ने देखा डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम

शत-प्रतिशत, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ई-गिरदावरी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश रायगढ़, 29 सितम्बर 2026/ तहसील पुसौर के ग्राम झारमुड़ा में डिजिटल क्रॉप सर्वे फेस-1 के...

CHHATTISGARH NEWS

खेत में पहुंचकर कलेक्टर ने देखा डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम

शत-प्रतिशत, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ई-गिरदावरी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश रायगढ़, 29 सितम्बर 2026/ तहसील पुसौर के ग्राम झारमुड़ा में डिजिटल क्रॉप सर्वे फेस-1 के...

RAIGARH NEWS

ऑपरेशन क्लीन हंट” में पुसौर पुलिस की बड़ी सफलता — चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले का फरार आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखने और अपलोड करने के मामले में आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम गिरफ्ताररायगढ़ से बिहार तक पुलिस...