कांकेर: उत्तर बस्तर कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र में एक निजी लौह अयस्क खदान में नक्सली वारदात जैसी घटना हुई है. लौह अयस्क खदान में अज्ञात लोगों ने तीन चैन माउंट मशीनों में आग लगा दी. घटना के बाद मौके से दो पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिनमें माइंस को बार-बार बंद नहीं करने और नियमित रूप से संचालित करने की बात लिखी होने की जानकारी सामने आई है. पर्चे मिलने के बाद घटना को लेकर नक्सली कनेक्शन की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस जांच में जुटी है. पूरी घटना चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की है.
सोमवार शाम को हुई घटना
सोमवार शाम काम खत्म होने के बाद खदान में काम करने वाले मजदूर अपने कैंप और अन्य स्थानों पर लौट गए. रात में अज्ञात लोगों ने खदान परिसर में खड़ी तीन चैन माउंट मशीनों में आग लगा दी. सुबह मजदूर जब काम पर पहुंचे तो मशीनों को जलता हुआ और बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

कांकेर के लौह अयस्क खदान में आगजनी
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही लोहत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए SDOP शेर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस आसपास के इलाके में भी जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
मौके से मिले दो पर्चे
इस घटना में सबसे अहम बात घटनास्थल से दो पर्चों का मिलना है. बताया जा रहा है कि पर्चों में लिखा है माइंस को बार-बार बंद ना करें, सही-सलामत चलाएं. इसके साथ ही एक सप्ताह के भीतर मांगें मानने जैसी बातें भी पर्चों में लिखे होने की जानकारी सामने आई है. पर्चे मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

आगजनी के बाद फेंके पर्चे
नक्सली कनेक्शन की भी जांच
वर्ष 2026 में बस्तर को नक्सल गतिविधियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक घटना के पीछे नक्सलियों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है. सुरक्षा एजेंसियां जिले में बचे हुए नक्सली तत्वों की गतिविधियों और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं.
चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में 3 मशीनों में आग लगाने की वारदात हुई है. नक्सलियों के जैसे पर्चे डालने की सूचना पर पुलीस टीम मौके पर जाकर हर एंगल से जांच कर रही है- आकाश श्रीश्रीमाल, भानुप्रतापपुर एएसपी
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अन्य व्यक्ति या समूह ने नक्सली अंदाज में घटना को अंजाम तो नहीं दिया. अब तक इस केस में आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है.






