*डेंगू रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान*

*स्वास्थ्य एवं नगर निगम की टीम घर-घर जाकर कर रही सोर्स रिडक्शन कार्य*
*गली-मोहल्लों में पहुंच रही डेंगू जागरूकता रथ, लक्षण एवं बचाव के संबंध में दे रही जानकारी*
रायगढ़, 6 अगस्त 2024/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी.के. चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम डेंगू रोकथाम के लिये जागरूकता अभियान व डेंगू पर नियंत्रण करने घर-घर जाकर सोर्स रिडक्शन का कार्य कर रहे हैं। साथ ही डेंगू बचाव व सावधानी बरतने हेतु गली-गली में जागरूकता रथ के द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के पार्षद व कर्मचारियों द्वारा लोगों के घर-घर जाकर समझाईश व जानकारी दी जा रही है। जिससे डेंगू केसेस में कमी लायी जा सके।
सीएमएचओ ने जानकारी देते हुए बताया कि डेंगू मच्छर से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आस-पास साफ-सफाई रखनी होगी। नालीयों में जला हुआ मोबिल, मिट्टी तेल का छिडकाव करनी चाहिए। हमेशा फूल आस्तीन के वस्त्र पहनना चाहिए, रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए, कुलर में स्थिर पडे हुए पानी का निष्कासन, टायर, नारियल खोल इत्यादि में ठहरे हुए पानी को खाली करना चाहिए। आम जनता डेंगू बीमारी से घबराएं नहीं तथा डेंगू रेपीड डायग्नोस्टिक टेस्ट कीट से जांच होने के उपरान्त धनात्मक आने पर कोई भी निजी संस्थान/प्राइवेट क्लीनिक घोषणा नहीं करेगा कि मरीज धनात्मक है। वो संदेहास्पद मरीज के रूप में जाना जायेगा।
डेंगू से बचाव के संबंध में सोशल मीडिया मोबाईल/व्हॉट्सअप, टेलीग्राम, फेसबुक, अखबार में पाम्पलेट का वितरण हर घर-घर में किया जा रहा है। इसी तरह एमएमयू द्वारा हाट बाजार व शिविर में पाम्प्लेट पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में डेंगू पर जागरूकता कार्यक्रम आयेाजित की गई एवं डेंगू के रोकथाम, लक्षण तथा उपचार पर लोगों को जागरूक किया गया। वार्ड स्तर पर मितानिनों महिला आरोग्य समिति के सदस्यों तथा समुदाय के लोगों के द्वारा रैली निकाली गई। समस्त मितानिन ट्रेनर एवं शहरी स्वास्थ्य स्टाफ की बैठक आयोजित की गई। जिसमें समुदाय स्तर पर डेंगू के रोकथाम एवं डेंगू के उपचार में मितानिनों की भूमिका एवं समुदाय स्तर पर किए जाने, शासकीय/अशासकीय शाला स्तर पर बच्चों को प्रार्थना काल के दौरान जागरूक करते हुए निर्देश दिया गया साथ ही आम जनता से अपील कि गई की रायगढ़ जिला को डेंगू मुक्त बनाने में सहयोग प्रदान करें।







