दोकड़ा के सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव, सरस्वती साइकिल एवं नि:शुल्क पुस्तक वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न
पत्रकार हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़
दोकड़ा। सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दोकड़ा में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव, सरस्वती साइकिल वितरण एवं नि:शुल्क पुस्तक वितरण समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य हीरामती पैंकरा, जनपद उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सरपंच चंद्रकला भगत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल राम, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, मंडल अध्यक्ष आलोक सारथी, रवि यादव, जनपद सदस्य सरोज यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामविलास राम, देवदत्त सिंह, इमाम खान, कालेश्वर भगत, संजय सिंह सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें प्रदान की गईं।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई निरंतर जारी रहेगी। वहीं नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण से विद्यार्थियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही आत्मनिर्भर, सक्षम और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम को सफलता का मंत्र बताते हुए पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा में हर संभव सहयोग करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह, अभिभावकों की सहभागिता और शिक्षा के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
उक्त जानकारी भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भूषण वैष्णव ने प्रदान की।








