नवा रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली तिहार के पावन अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने दी गृह प्रवेश की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने श्री टंकराम वर्मा एवं उनके परिजनों को नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश की बधाई देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को भी हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कृषि और प्रकृति से जुड़ा है हरेली पर्व
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हरेली जैसे शुभ अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा का नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश इस आयोजन को और भी विशेष बनाता है। हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है।
उन्होंने कहा कि किसान इस दिन कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। साथ ही अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की उस समृद्ध लोक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें प्रकृति, खेती और लोकजीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण जीवन की आत्मीयता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।





