वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान, केलो तट पर घाट, पाथवे, जिम और मॉर्निंग-नाइट वॉक की सुविधाएं होंगी विकसित; शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का होगा कायाकल्प
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास और स्वच्छता की शुरुआत
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को खर्राघाट में स्वच्छता अभियान के साथ केलो नदी तट के स्थायी विकास की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने 29.99 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी भाग लिया तथा खर्राघाट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास और जनभागीदारी पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने श्रमदान करते हुए कहा कि केवल एक दिन सफाई करने से स्वच्छता कायम नहीं रह सकती, इसके लिए निरंतर प्रयास और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने नागरिकों से केलो नदी, घाट और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। इसी दौरान उन्होंने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। इसी भाव के साथ खर्राघाट को स्वच्छ रखने और इसे स्थायी रूप से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
ऑक्सीजोन से लेकर मॉर्निंग वॉक तक की सुविधाएं
वित्त मंत्री ने कहा कि खर्राघाट का विकास केवल घाट के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां ऑक्सीजोन, घाट, पैदल पथ, जिम, मॉर्निंग वॉक और नाइट वॉक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परिवारों के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में आगे मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे केलो नदी तट के विकास को आगे बढ़ाया जा सके।
शनि मंदिर से खर्राघाट तक 2 किलोमीटर क्षेत्र होगा विकसित
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नाली निर्माण, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
पचरी घाट का नवीनीकरण एवं सुधार किया जाएगा तथा घाट को पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है।
8.50 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे, घाट तथा व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।
वित्त मंत्री ने रायगढ़ शहर में हरित क्षेत्रों के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए आने वाले वर्षों में इनके विस्तार की बात कही। उन्होंने पांच साल में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने का लक्ष्य बताया। खर्राघाट का ऑक्सीजोन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
29.99 करोड़ की स्वीकृति, 26.39 करोड़ में हुआ अनुबंध
परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिली है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और कार्य को दो वर्ष की अवधि में पूरा किया जाना है।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रयास रहेगा कि कार्य निर्धारित अवधि से पहले पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाए।
सांसदों ने स्वच्छता और हरित विकास को बताया महत्वपूर्ण
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता और विकास को एक साथ जोड़कर काम किया जा रहा है। खर्राघाट में श्रमदान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के साथ स्थायी विकास कार्यों की शुरुआत हुई है।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने रायगढ़ में हरित क्षेत्र बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के बीच शहर में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना महत्वपूर्ण है। ऐसे में ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्र विकसित होने से नागरिकों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने खर्राघाट को शहर के महत्वपूर्ण नदी तटों में शामिल बताते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ स्थायी विकास कार्यों की शुरुआत रायगढ़ के लिए महत्वपूर्ण पहल है।
‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों और गतिविधियों को देखा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सभापति डिग्रीलाल साहू, सुभाष पाण्डेय, मनीष कंकरवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, डीएफओ रायगढ़ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, एनटीपीसी के महाप्रबंधक सुभाष ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं जनसामान्य उपस्थित रहे।






