राष्ट्रीय राजमार्ग-30 का होगा फोरलेन उन्नयन, डिवाइडर के साथ दो भव्य प्रवेश द्वार भी बनेंगे
कवर्धा, 24 सितंबर 2026। कवर्धा शहर में सड़क अधोसंरचना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 54 करोड़ रुपये की लागत से 7.8 किलोमीटर लंबे फोरलेन सड़क एवं डिवाइडर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। परियोजना के तहत रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक सड़क का उन्नयन किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजनांदगांव-कवर्धा लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
चंद्रयान हॉस्पिटल से जोराताल के आगे तक बनेगी फोरलेन
प्रस्तावित सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक विकसित की जाएगी। करीब 7.8 किलोमीटर लंबा यह मार्ग चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक जाएगा। सड़क के साथ डिवाइडर का भी निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के भीतर और रायपुर-बिलासपुर दिशा में आने-जाने वाले वाहनों के लिए बेहतर मार्ग उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे बढ़ते यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलने की संभावना है।
अरुण साव ने कहा- बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कवर्धा जिले में स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क बनने से कवर्धा शहर में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और सड़क अधोसंरचना मजबूत होने से क्षेत्र में आर्थिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिल सकती है।
विजय शर्मा ने रखीं जिले की अन्य सड़कों की मांग
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं और विकास कार्यों की मांग भी रखी। इनमें नेवारी-गुणा मार्ग, प्रतापपुर सड़क, जेवडन सड़क, सुतियापाठ सड़क और लोहरा रोड को फोरलेन करने सहित कई प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा आछी मार्ग, भोरमदेव सड़क के चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण, छेकी महल मार्ग तथा भोरमदेव से सरोधा मार्ग के विकास की मांग रखी गई। बिलासपुर मार्ग से बोड़ला होते हुए भोरमदेव मार्ग के चौड़ीकरण के लिए करीब 26 करोड़ रुपये की मांग भी सामने रखी गई।
सामुदायिक भवन और बाजार विस्तार के प्रस्ताव भी
विजय शर्मा ने कवर्धा शहर के वार्ड क्रमांक-3 में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा नवीन बाजार में मटन मार्केट के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये, बोड़ला में बाजार निर्माण एवं विस्तार तथा लोहारा के बंधा टोला और पिपरिया में विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति की मांग रखी गई।
8 से 10 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
विजय शर्मा ने बताया कि 54 करोड़ रुपये की लागत वाली फोरलेन परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके अनुसार ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण का काम 8 से 10 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत सड़क और डिवाइडर के अलावा दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाने की योजना है। इन प्रवेश द्वारों को कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित करने की बात कही गई है।
भोरमदेव शक्कर कारखाने का भी किया उल्लेख
विजय शर्मा ने जिले के विकास से जुड़े अन्य कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाने ने शुगर रिकवरी के क्षेत्र में देश में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सड़क, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ जिले में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
फोरलेन सड़क परियोजना के पूर्ण होने के बाद कवर्धा शहर में यातायात व्यवस्था, सड़क सुविधा और शहरी अधोसंरचना में बदलाव देखने को मिल सकता है। परियोजना को शहर की मौजूदा यातायात जरूरतों के साथ भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।






