Raigarh PDS Ghapla : शासकीय राशन में गड़बड़ी का फरार आरोपी बिहारी राठिया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

spot_img

ससकोबा उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर और नमक की कमी का मामला; पुलिस के अनुसार आरोपी ने फरवरी से अगस्त 2026 के बीच वितरण में गड़बड़ी की बात स्वीकार की, कब्जे से 4 रजिस्टर जब्त

ससकोबा राशन दुकान में बड़ी मात्रा में खाद्यान्न कम मिला

रायगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय खाद्यान्न के कथित गबन के मामलों में रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई जारी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आने के बाद चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ में दोनों मामलों में अपराध दर्ज किए गए हैं।

जांच में 499.65 क्विंटल चावल सहित अन्य खाद्यान्न कम मिला

खाद्य विभाग की 3 सितंबर 2026 को हुई जांच में धरमजयगढ़ तहसील के ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। पुलिस के अनुसार इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये है।

जांच के दौरान अगस्त माह में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बावजूद राशन वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई थी।

तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था अपराध

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 में अपराध दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया फरार था।

बस से गांव लौटने की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा मुखबिर लगाए गए थे। पुलिस के अनुसार मंगलवार 22 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी धरमजयगढ़ से बस में बैठकर अपने गांव आ रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक रैरूमाखुर्द के पास घेराबंदी कर बिहारी राठिया को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गड़बड़ी की बात स्वीकार की

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने ससकोबा उचित मूल्य दुकान में फरवरी से अगस्त 2026 तक चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी किए जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 नग रजिस्टर भी जब्त किए हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारी राठिया पिता बृक्ष सिंह राठिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ससकोबा जूनापारा, चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

चंद्रशेखर जायसवाल
चंद्रशेखर जायसवाल
OWNER/EDITOR - CHANDRASHEKHAR JAISAWAL Mo.-9340765733
spot_img
spot_img

Recent Posts

जुनाडिही प्राथमिक शाला में तीन बच्चे और दो शिक्षिकाएं, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लैलूंगा विकासखंड के ग्राम लिबरा का मामला, स्कूल में महज तीन बच्चे अध्ययनरत लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लिबरा के जुनाडिही...

CHHATTISGARH NEWS

जुनाडिही प्राथमिक शाला में तीन बच्चे और दो शिक्षिकाएं, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लैलूंगा विकासखंड के ग्राम लिबरा का मामला, स्कूल में महज तीन बच्चे अध्ययनरत लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लिबरा के जुनाडिही...

RAIGARH NEWS

Chakradhar Samaroh : बस्तर की माटी से निकली ‘चंदा चकोर’ ने अंतिम संध्या में बिखेरे प्रेम और संघर्ष के रंग

नारायणपुर के नितारा कला केंद्र के कलाकारों ने मंच पर जीवंत किया बस्तर का लोकजीवन; पुनर्वासित कलाकारों की सहभागिता ने प्रस्तुति को दिया संवेदनशील...