54 दिव्यांग हितग्राहियों का हुआ पंजीयन, नशामुक्त समाज के निर्माण की दिलाई गई शपथ
रायगढ़, 25 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गत दिवस जनपद पंचायत कार्यालय परिसर पुसौर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष यूडीआईडी शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 54 दिव्यांग हितग्राहियों का पंजीयन किया गया।

शिविर में मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का आवश्यक परीक्षण एवं चिकित्सकीय जांच की गई। विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से संबंधित परीक्षण के बाद पात्र हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड जारी करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों की प्रमाणित पहचान के साथ उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहायक होगा।
नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे के दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुसौर श्री विवेक गोस्वामी ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से सुशील कुमार सिंह एवं नवरतन सिंह बिंझवार सहित जनपद पंचायत पुसौर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से दिव्यांगजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के साथ मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़ने, आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जिले में निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।






