विश्व पर्यटन दिवस पर जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान
रायगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक श्रमदान और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का मकसद ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना और सार्वजनिक व पर्यटन स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश देना रहा।

तमनार ब्लॉक में तालाब घाट, कुएं और प्रतीक्षालय की सफाई
जनपद पंचायत तमनार क्षेत्र में अभियान के तहत कई गांवों में सफाई कार्य हुआ। ग्राम पंचायत बरकसपाली में तालाब घाट को साफ किया गया, जबकि सरसमाल में पेयजल के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं की सफाई की गई। वहीं कोड़केल गांव में ग्रामीणों ने यात्री प्रतीक्षालय परिसर में सामूहिक श्रमदान किया।

खरसिया ब्लॉक के बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन भी हुआ चमकाया
विकासखंड खरसिया की ग्राम पंचायत बोतल्दा और बिलासपुर में भी श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। बोतल्दा के रॉक गार्डन में स्थानीय ग्रामीणों और सहभागियों ने मिलकर श्रमदान करते हुए इस पर्यटन स्थल की सफाई की।

स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर किया गया जागरूक
इन गतिविधियों के दौरान ग्रामीणों को सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का सही तरीके से निपटान करने और अपने आसपास के इलाकों को साफ-सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। जनसहभागिता से आयोजित इस अभियान के जरिए स्वच्छ पर्यटन स्थल और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।







