
कुरियारी में पोल्ट्री फार्म के लिए बिछाए गए तार पर चोरों की नजर, कबाड़ी तक पहुंची पुलिस—बोलेरो पिकअप सहित ₹4.85 लाख का माल बरामद
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम कुरियारी में 11 केवी सिल्वर विद्युत तार चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चोरी करने और चोरी का माल खरीदने वाले कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 450 किलो 11 केवी सिल्वर तार, जिसकी कीमत लगभग ₹85 हजार, तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-11-BE-4151, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹4 लाख है, बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग ₹4.85 लाख बताई गई है।
पोल्ट्री फार्म के लिए बिछाया था 11 केवी तार, सुबह देखा तो गायब मिले तार
पुलिस के अनुसार ग्राम कुरियारी डोंगाघाट से कुरियारी मुख्य मार्ग पर स्थित पोल्ट्री फार्म में विद्युत कनेक्शन के लिए 11 खंभे खड़े कर उनके ऊपर 11 केवी सिल्वर तार बिछाया गया था। 25 सितंबर की सुबह जब फार्म संचालक मौके पर पहुंचा तो खंभों से करीब 450 किलो तार गायब मिला।
मामले की सूचना शिवरीनारायण पुलिस को दी गई। रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 285/2026, धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र बना पुलिस का हथियार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी शिवरीनारायण श्री तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सोर्स के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात में बोलेरो पिकअप वाहन के इस्तेमाल की जानकारी मिली। इसके आधार पर वाहन चालक अविनाश थवाईत उर्फ मोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 11 केवी तार चोरी करना स्वीकार किया।
रायपुर के उरकुरा तक पहुंचा चोरी का तार
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए तार को रायपुर के उरकुरा स्थित सृष्टि मेटालिक में बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने मामले में चोरी का माल खरीदने वाले पप्पू कोल तक भी पहुंच बनाई और उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा तार बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. अविनाश थवाईत उर्फ मोटू — खोखरा, थाना जांजगीर
2. दीपांशु कूड़ापे उर्फ चिकी — उरकुरा
3. सनी सिंह — उरकुरा
4. राजेन्द्र कुमार उर्फ चाचा — उरकुरा
5. पप्पू कोल — उरकुरा शीतलापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक के.पी. सिंह, थाना प्रभारी शिवरीनारायण, सउनि संतोष बंजारे सहित आरक्षक शिवरायसागर, प्रवीण साहू, खुरेन्द्र शुक्ला, पतिराम यादव, बलराम यादव, रामकुमार कश्यप, यशवंत पाटले एवं थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि चोरी किए गए 450 किलो विद्युत तार की पूरी बरामदगी के साथ वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप भी जब्त कर लिया गया।






