Patek Philippe की Aquanaut सीरीज की घड़ी बरामद, चार्टर्ड इंजीनियर ने बताई असली
दुबई से दिल्ली पहुंचे यात्री पर कस्टम की नजर
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 94 लाख रुपये कीमत की लग्जरी घड़ी जब्त की है। यह घड़ी स्विट्जरलैंड की मशहूर कंपनी Patek Philippe की Aquanaut सीरीज की बताई जा रही है। मामले में दुबई से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रीन चैनल पर रोका गया यात्री
कस्टम विभाग के मुताबिक, 11 नवंबर को फ्लाइट संख्या SG5106 से दुबई से दिल्ली पहुंचे एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच की गई। टर्मिनल-3 पर खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने यात्री को ग्रीन चैनल पर रोक लिया। इसके बाद उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई।
जांच में मिली 94 लाख रुपये की असली घड़ी
जांच के दौरान DFMD गेट से गुजरते समय अलर्ट बीप बजने पर यात्री के पास से Patek Philippe Aquanaut घड़ी बरामद हुई। घड़ी की प्रामाणिकता की पुष्टि के लिए चार्टर्ड इंजीनियर की मदद ली गई। जांच में घड़ी असली पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 94 लाख रुपये आंकी गई है।











