योजनाओं से बदल रही है श्रमिक परिवारों की तस्वीर
रायगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा में एक अहम सहारा बनकर उभरी है।

आर्थिक तंगी के बीच पढ़ाई जारी रखने में मिली मदद
रायगढ़ निवासी अनुसुइया महंत, जो एक श्रमिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं, के लिए बच्चों की पढ़ाई और स्कूल से जुड़े खर्चे उठाना पहले काफी मुश्किल भरा था। उनके बच्चे फिलहाल कक्षा आठवीं और दसवीं में पढ़ाई कर रहे हैं। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया।
पात्रता पूरी होते ही सीधे बैंक खाते में पहुंची राशि
आवेदन की जांच के बाद पात्रता पूरी पाए जाने पर बच्चों को योजना का लाभ मिला और छात्रवृत्ति की राशि सीधे उनके बैंक खाते में स्थानांतरित की गई। इस आर्थिक सहयोग से परिवार पर पढ़ाई के खर्च का बोझ कम हुआ और बच्चों की शिक्षा बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ पाई।
राज्य सरकार और श्रम विभाग के प्रति जताया आभार
अनुसुइया महंत ने अपने बच्चों की शिक्षा में मिले इस सहयोग के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और श्रम विभाग का आभार व्यक्त किया। बता दें कि इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पात्र बच्चों को कक्षा पहली से बारहवीं तक और उच्च शिक्षा के लिए भी निर्धारित नियमों के अनुसार छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।






