जलस्तर बढ़ने से बिगड़े हालात
बलौदाबाजार जिले में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। महानदी, शिवनाथ और जोक नदी में उफान आने से जिले के कई हिस्सों में पानी घुस गया है। इसका सीधा असर आवागमन पर पड़ा है, क्योंकि बलौदाबाजार को सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग बाधित हो गए हैं।
सबरी पुल पूरी तरह जलमग्न, हाईवे तक पहुंचा पानी
गिधौरी क्षेत्र में महानदी पर बना सबरी पुल पूरी तरह पानी में डूब चुका है। स्थिति की गंभीरता इसी बात से समझी जा सकती है कि पुल से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित नेशनल हाईवे-130B तक नदी का पानी पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने आसपास के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देर रात तक जारी रहा रेस्क्यू अभियान
बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासनिक टीमें देर रात तक सक्रिय रहीं। नदी किनारे बसे इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कई घाटों पर पुल के ऊपर से बह रहा पानी
जिले के सेमरिया घाट, अमलडीह घाट और जोधारा घाट में शिवनाथ नदी का पानी पुल की सतह से ऊपर बहने लगा है। प्रशासन ने स्पष्ट अपील की है कि लोग नदी किनारे और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखें, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।






