महादेव घाट पुल पर बहा पानी, रास्ता बंद
राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश के बाद खारून नदी का पानी महादेव घाट पुल के ऊपर से बहने लगा है, जिससे आसपास के इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। इसके चलते महादेव घाट से पाटन जाने वाला पुल फिलहाल बंद कर दिया गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
नाली में डूबने से मासूम की मौत, फल मंडी में घुसा पानी
शहर के टिकरापारा क्षेत्र में उफनती नाली में डूबने से आठ साल के एक बालक की दुखद मौत हो गई। पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर लिया है। वहीं लगातार बारिश के कारण लालपुर स्थित फल मंडी में भी पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
फसलों को भारी नुकसान, कई गांव जलमग्न
राजधानी से सटे कई गांवों में धान की फसल को भारी क्षति पहुंची है। आरंग, निसदा, पारागांव, चंपारण और राजिम क्षेत्र तक खेत पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे फल-सब्जी के साथ-साथ धान की फसल को भी बड़ा नुकसान हुआ है।
टाटीबंध-कुम्हारी मार्ग पर 2 किमी लंबा जाम
लगातार बारिश और गंगरेल बांध से छोड़े जा रहे पानी के चलते महानदी किनारे बसे कई गांवों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे इन गांवों का आपस में संपर्क टूट गया है। इसके अलावा रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र से कुम्हारी मार्ग पर करीब 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है, वहीं टाटीबंध-दुर्ग मार्ग पर भी पानी भरने से वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।






