त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
दशहरा और दिवाली के मौके पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने राहत भरा फैसला लिया है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सोलापुर मंडल से गुजरने वाले अलग-अलग रूटों पर कुल 102 फेरे लगाने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों से मुंबई, चेन्नई, लातूर, कोल्हापुर और कलबुरगी जैसे प्रमुख शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को खासी सुविधा मिलेगी। इन ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग 27 सितंबर से शुरू होगी।
मुंबई-चेन्नई के बीच चलेंगे 6 फेरे
CSMT मुंबई और चेन्नई के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 6 फेरे संचालित किए जाएंगे। यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 18 नवंबर तक हर बुधवार रात 12:35 बजे मुंबई से रवाना होकर उसी दिन रात 11:30 बजे चेन्नई पहुंचेगी। वापसी में चेन्नई-CSMT मुंबई स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक हर गुरुवार सुबह 4 बजे चेन्नई से चलकर अगले दिन सुबह 4 बजे मुंबई पहुंचेगी। यह ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, दौंड, कुडुवाड़ी, सोलापुर, कलबुरगी, वाडी, रायचूर, मंत्रालयम रोड, अडोनी, गुंतकल, गूटी, ताड़ीपत्री, येर्रागुंटला, कडप्पा, रेनिगुंटा, अरक्कोनम और पेरंबूर स्टेशनों पर रुकेगी।
मुंबई-लातूर रूट पर 26 फेरे
मुंबई और लातूर के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। इस रूट पर कुल 26 फेरे तय किए गए हैं। CSMT मुंबई से यह ट्रेन रात 12:35 बजे रवाना होकर उसी दिन सुबह 11:40 बजे लातूर पहुंचेगी, जबकि वापसी में लातूर-CSMT मुंबई स्पेशल शाम 4:30 बजे लातूर से चलकर अगले दिन सुबह 4:10 बजे मुंबई पहुंचेगी। इस ट्रेन के स्टॉपेज में दादर, ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, उरुली, दौंड, भीगवां, जेजुरी, कुडुवाड़ी, बार्शी टाउन, धाराशिव और हरंगुल शामिल हैं।
कोल्हापुर-कलबुरगी के बीच सबसे ज्यादा 64 फेरे
कोल्हापुर और कलबुरगी के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन सबसे अधिक 64 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर हर दिन चलेगी। कोल्हापुर-कलबुरगी स्पेशल 10 अक्टूबर से 15 नवंबर तक रोजाना सुबह 6:10 बजे कोल्हापुर से रवाना होकर शाम 4:10 बजे कलबुरगी पहुंचेगी, जिसके तहत कुल 32 फेरे संचालित होंगे। वहीं वापसी में कलबुरगी-कोल्हापुर स्पेशल भी इसी अवधि में शुक्रवार को छोड़कर रोजाना शाम 6:10 बजे कलबुरगी से चलकर अगले दिन सुबह 5:40 बजे कोल्हापुर पहुंचेगी, इस दिशा में भी 32 फेरे चलाए जाएंगे। यह ट्रेन हाटकनगले, जयसिंगपुर, मिरज जंक्शन, अरग, बेलांकी, सुलगारे, कवठे महांकाल, लंगरपेठ, ढालगांव, म्हसोबा डोंगरगांव, जावले, वासुद, सांगोला, पंढरपुर, मोडनिंब, कुईवाड़ी जंक्शन, सोलापुर और कलबुरगी जंक्शन होते हुए गुजरेगी।






