ढिमरापुर रोड के बिजनेस हब कॉम्प्लेक्स में मिली आधार से जुड़ी कई सुविधाएं, रविवार को भी खुला रहेगा केंद्र
रायगढ़, 21 सितंबर 2026। शहरवासियों को आधार से जुड़ी सेवाएं सहज और सुविधाजनक रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ढिमरापुर रोड स्थित बिजनेस हब कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर में नए हाईटेक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
वित्त मंत्री और महापौर ने केंद्र का किया निरीक्षण
शुभारंभ के बाद वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर यूआईडीएआई हैदराबाद के डायरेक्टर श्री रामकृष्ण तम्मीसेट्टी एवं बीएलएस इंटरनेशनल के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
एक ही स्थान पर आधार से जुड़े कई काम
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हाईटेक आधार सेवा केंद्र शुरू होने से रायगढ़ के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी।
केंद्र में नए आधार का नामांकन, बच्चों एवं वयस्कों का आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, फोटो एवं फिंगरप्रिंट अपडेट और आइरिस स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि जैसी जनसांख्यिकीय जानकारी में संशोधन भी कराया जा सकेगा।
आधार दस्तावेजों का सत्यापन और अपलोड भी होगा
नए केंद्र में आधार से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन एवं अपलोड का कार्य भी किया जा सकेगा। इससे नागरिकों को आधार संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए एक ही स्थान पर सुविधा मिलेगी।
रविवार को भी खुला रहेगा आधार सेवा केंद्र
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि हाईटेक आधार सेवा केंद्र शहरवासियों के लिए उपयोगी सुविधा साबित होगा। यहां आधार से जुड़े विभिन्न कार्य एक ही स्थान पर कराए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्र रविवार को भी खुला रहेगा। इससे नौकरीपेशा और सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी कार्य कराने में सहूलियत होगी।
शुभारंभ अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
शुभारंभ के अवसर पर आधार सेवा केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






