चक्रधरनगर पुलिस ने तमनार के ग्राम बिजना में दी दबिश; आरोपी जफर खान से तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त, NDPS एक्ट के तहत भेजा गया जेल
रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम बिजना, थाना तमनार का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उस पर ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बेचने तथा पहले गिरफ्तार अपनी बहन रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को गांजा सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने तस्करी में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
किराना दुकान से मिला था एक किलो से अधिक गांजा
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में रशीदन खान और उसका बेटा शेख नसीब गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान रशीदन खान (57 वर्ष) के कब्जे से गांजे की 10 कागज की पुड़िया और शेख नसीब (27 वर्ष) के पास से प्लास्टिक की पन्नी में रखा गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने कुल बरामदगी करीब 1 किलो 28 ग्राम गांजा बताई है।
इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 474/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पूछताछ में जफर खान का नाम आने का दावा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि ग्राम बिजना के पठानपारा निवासी जफर खान 15 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर किराना दुकान पहुंचा था। आरोप है कि उसने गांजा 10 हजार रुपये में बेचा था। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर प्रत्येक पुड़िया 50 रुपये में बेचने की बात सामने आई।
पूछताछ में जफर खान की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
ग्राम बिजना में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के निर्देशन में फरार आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए। इसी दौरान आरोपी के अपने गांव में आने की सूचना मिली।
इसके बाद उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर को गिरफ्तारी के लिए तमनार भेजा गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश देकर जफर खान को हिरासत में लिया और चक्रधरनगर थाना लाया।
मोटरसाइकिल जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जफर खान ने रशीदन खान को अपनी बहन बताया और उसे पहले भी गांजा देने की बात स्वीकार की। उसने 15 सितंबर को रशीदन खान और शेख नसीब को 10 हजार रुपये में गांजा बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर कथित तस्करी में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 जब्त की है। आरोपी को NDPS एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के लगातार प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।











