केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में संदिग्ध गतिविधि के बाद शुरू हुई मुठभेड़, सुरक्षा बलों का ऑपरेशन अभी जारी
कुपवाड़ा। जम्मू-कश्मीर के उत्तरी कश्मीर स्थित कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शनिवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है और ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है।
संदिग्ध गतिविधि के बाद शुरू हुई मुठभेड़
अधिकारियों के मुताबिक, केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में तैनात जवानों ने शनिवार तड़के कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने संदिग्धों को चुनौती दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
घटना के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सुरक्षा बल संभावित ठिकानों की तलाशी ले रहे हैं।
इस महीने जम्मू-कश्मीर में हुईं अन्य घटनाएं
पुंछ में धमाके में चार लोगों की मौत: 12 अक्टूबर को पुंछ जिले में LoC के पास कृष्णा घाटी सेक्टर से जुड़े इलाके में हुए धमाके में चार लोग मारे गए थे। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल था। उन्होंने घुसपैठ की कोशिश किए जाने की बात कही थी।
मेंढर सेक्टर में मिलीं दो बारूदी सुरंगें: इसी दिन पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सेना को सीमा पर लगी बाड़ के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिली थीं। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक बनाने के दौरान सुबह करीब 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे इनका पता चला। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।
कुपवाड़ा में जारी अभियान के दौरान सुरक्षा बल पूरे इलाके की तलाशी ले रहे हैं। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही इसकी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।











