बड़े रेगड़ा गांव की घटना, कटहल काटने वाले चाकू से किया वार; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़, 17 अक्टूबर 2026। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक वृद्ध पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के चलते 57 वर्षीय नत्थूलाल अगरिया ने कथित तौर पर 77 वर्षीय मनधर यादव के गले पर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे वृद्ध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम बड़े रेगड़ा निवासी मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उनके गले पर हमला कर दिया। हमले में उनके गले पर कटने की चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल वृद्ध को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया।
जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी को मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां घायल के पुत्र रामकुमार यादव, उम्र 37 वर्ष, ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है तथा जमीन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते आरोपी ने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से वृद्ध के गले पर वार किया।
वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया, उम्र 57 वर्ष, की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, घायल मनधर यादव की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस मामले में आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











