24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, लूटा गया आईफोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में झपटमारी और लूटपाट की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका तीसरा साथी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों का खुलासा किया। थाना प्रभारी कुमार गौरव और प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
रास्ता रोककर युवक का आईफोन छीना
पुलिस के मुताबिक, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने 18 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के सामने गतिअवरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब से आईफोन छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी रायगढ़ रोड की ओर भाग निकले।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूटी
दूसरी वारदात 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) ने पुलिस को बताया कि काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसके ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे वाहन से नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने उससे 5,000 रुपये मांगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसका रेडमी मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे 3,000 रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। इसके बाद शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
इस मामले में घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोबाइल से सिम निकालकर फेंका, बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसके बाद दोनों आरोपियों को कार्यपालिक दंडाधिकारी घरघोड़ा के समक्ष पहचान परेड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां पीड़ितों ने उनकी पहचान की।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सुरेन्द्र चौहान से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मय चाबी और सुमेष प्रधान से पीड़ित का सफेद रंग का आईफोन गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। पुलिस अब फरार आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू की तलाश कर रही है। साथ ही अन्य लूटी गई संपत्तियों के संबंध में भी जांच जारी है।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर झपटमारी, लूटपाट और मारपीट करने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
दोनों मामलों का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार तथा आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल और भानु चंद्रा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











