डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने की पूजा-अर्चना, जिले के सभी थानों और चौकियों में भी हुआ आयोजन
जशपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर रक्षित केंद्र जशपुर के शस्त्रागार में जशपुर पुलिस द्वारा पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
शक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है शस्त्र पूजन
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा है। इसे शक्ति, साहस, पराक्रम, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग में इस परंपरा का विशेष महत्व है, क्योंकि शस्त्र कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परंपरा के अनुसार अर्पित की गई प्रतीकात्मक बलि
शस्त्र पूजन के दौरान जिले और समाज में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली तथा सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की गई। परंपरा के अनुसार तलवार से कुष्माण्डा काटकर प्रतीकात्मक बलि अर्पित की गई। इसके पश्चात विभिन्न हथियारों से हर्ष फायर किया गया। इस दौरान समाज में आपसी सद्भाव, सौहार्द और भाईचारा कायम रहने की भी कामना की गई।
जिले के सभी थानों और चौकियों में हुआ शस्त्र पूजन
रक्षित केंद्र जशपुर के साथ-साथ जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी विजयादशमी के अवसर पर परंपरानुसार शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अनुशासन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। साथ ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की निगरानी और आम नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जनसेवा और सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रतिबद्ध
विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। इसी भावना के अनुरूप जशपुर पुलिस ने जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने और आम नागरिकों की सहायता के लिए निरंतर तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
रक्षित केंद्र जशपुर में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी अजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभांशु तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे, निरीक्षक आशीष तिवारी, निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक खेमराज ठाकुर, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











