रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026। आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में सभी ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें आय, जाति, निवास और विवाह प्रमाण पत्र सहित पोर्टल पर उपलब्ध 600 से अधिक सरकारी सेवाओं के संचालन और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
एक ही पोर्टल पर मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। वे अपनी आवश्यकता के अनुसार एक ही स्थान से संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा नागरिक स्वयं भी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
आवेदन से लेकर दस्तावेजों की जांच तक समझाई गई प्रक्रिया
प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने ऑपरेटरों को आवेदन प्राप्त करने, संबंधित विभाग तक आवेदन पहुंचाने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच और आवेदनों के समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया समझाई।
इस दौरान ऑपरेटरों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आपसी तालमेल बेहतर रहने से आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होगी और नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना उद्देश्य
ईडीएम अनुपेन्द्र प्रधान ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं की पहुंच आम नागरिकों तक आसान बनाना, आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी करना और निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना है।











