रायगढ़, 5 नवंबर 2026। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री शासकीय नटवर विद्यालय, रायगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एलिमेंट्री स्तर पर तमनार और हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों स्तरों के विजेता विद्यार्थी अब 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा में आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सभी विकासखंडों की टीमों ने लिया हिस्सा
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से एलिमेंट्री एवं सेकेंडरी स्तर की दो-दो टीमों ने हिस्सा लिया। जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. साहू और जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एलिमेंट्री स्तर पर तमनार प्रथम
कक्षा 6वीं से 8वीं तक के एलिमेंट्री स्तर की प्रतियोगिता में तमनार विकासखंड ने 125 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। खरसिया विकासखंड 100 अंकों के साथ दूसरे और पुसौर विकासखंड 90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड की टीम 65 अंक प्राप्त कर विजेता बनी। धर्मजयगढ़ विकासखंड ने 50 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लैलूंगा और घरघोड़ा विकासखंड की टीमें 45-45 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
14 नवंबर की प्रतियोगिता के लिए होगी विशेष तैयारी
जिला स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा में होने वाली प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए नियमित अभ्यास, विषयवार प्रश्नोत्तरी और मॉक क्विज आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करना है। आयोजन को सफल बनाने में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, प्राचार्यों, शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान रहा।











