जशपुर के ग्राम डूमरबहार में हुई चोरी का पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा, आरोपी शंकर भगत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के एक जोड़ी कर्णफूल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार के रूप में हुई है।
घर का ताला तोड़कर अलमारी से उड़ाए जेवर
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ललित यादव (20 वर्ष) ने 4 नवंबर 2026 को थाना बागबहार में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह होटल से घर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और दरवाजा खुला था।
घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। परिवार के सदस्यों ने जांच की तो अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिले। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की जानकारी देते हुए उस पर चोरी का संदेह जताया।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकार, जेवर बरामद
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बागबहार पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव में पतासाजी की और शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवर बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी शंकर भगत को पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग और सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











