बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के खप्परवाड़ा गांव में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप बरामद की। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में गांजे की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही इस कार्रवाई के बाद पुलिस तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, सनौद पुलिस द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान खप्परवाड़ा गांव में गांजा छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी। आरोपी ने बताया था कि गुंडरदेही थाना क्षेत्र के एक मकान में भारी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। इसके बाद सनौद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। बालोद एसपी किरण चव्हाण के निर्देश पर अलग-अलग थानों की पुलिस टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने खप्परवाड़ा गांव स्थित संदिग्ध मकान पर दबिश दी। कार्रवाई में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ करीब एक दर्जन पुलिस जवान शामिल रहे।
घर की तलाशी में मिला एक क्विंटल से अधिक गांजा
पुलिस टीम ने मकान की तलाशी के दौरान एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया। छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई देर रात करीब 11 बजे तक जारी रही। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे की मात्रा ने पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी है।
तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि बालोद जिले में पहली बार एक ही मकान से इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन स्थानों पर भेजने की तैयारी थी। इसके साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।











