सारंगढ़-बिलाईगढ़-सरसींवा :- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झुमका में पैसों के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर एक 30 वर्षीय युवक पर टंगिया (कुल्हाड़ी) और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे डायल 112 की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर गांव के ही तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला :-
सरसींवा थाने में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर क्रमांक 0369/2026) के अनुसार, ग्राम झुमका निवासी किसान लवकुश जाटवर (62 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र श्रीकांत जाटवर (30 वर्ष) का गांव के ही भरत रात्रे और टेकू रात्रे के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 07:30 बजे श्रीकांत अपने घर पर था। इसी दौरान गांव का सवित रात्रे घर आया और श्रीकांत को बुलाकर गांव के अटल चौक के पास गली में ले गया। वहां पहले से मौजूद भरत रात्रे, टेकू रात्रे और सवित रात्रे ने एक राय होकर पैसों के लेनदेन की बात पर श्रीकांत के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हत्या करने की नीयत से टंगिया, रॉड और हाथ-मुक्कों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मामला :-
आसपास के लोगों ने घटना को देखा और सुना। हमले में बुरी तरह घायल श्रीकांत को तत्काल डायल 112 की सहायता से सरसींवा स्थित रामा अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। बेटे को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पिता लवकुश जाटवर ने 25 नवंबर की तड़के करीब 01:55 बजे सरसींवा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर :-
सरसींवा पुलिस के प्रधान आरक्षक फागूलाल निराला (क्रमांक 149) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी भरत रात्रे (पिता सवित रात्रे), टेकू रात्रे (पिता सवित रात्रे) और सवित रात्रे (पिता गोवर्धन रात्रे) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की निम्नलिखित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है:-
धारा 109(1):- हत्या का प्रयास
धारा 296:- सार्वजनिक स्थान पर अश्लील शब्द या गाली-गलौज करना
धारा 351(3):- जान से मारने या गंभीर चोट पहुँचाने की आपराधिक धमकी देना
धारा 3(5):- एक से अधिक व्यक्तियों द्वारा सामान्य आशय (एक राय होकर) अपराध करना
पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।











