मनोरा के खरसोता जंगल में पुलिस ने की घेराबंदी, 3 भैंस और 4 गौवंश बरामद; अंधेरे का फायदा उठाकर तीन तस्कर फरार
जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने मनोरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खरसोता जंगल के पास से 7 मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। इनमें 3 भैंस और 4 गौवंश शामिल हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसोता जंगल पुलिया के पास कुछ लोग मवेशियों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान कुछ लोग भैंस और गौवंशों को पैदल हांककर ले जाते मिले।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से 4 बैल और 3 भैंस समेत कुल 7 मवेशियों को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान बालेश्वर राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम छतोरी, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर को पकड़ लिया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी की पहचान बालेश्वर राम के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने चौकी मनोरा में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी बोले- गौ तस्करी में शामिल लोगों को नहीं मिलेगी छूट
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत किया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मनोरा क्षेत्र में कार्रवाई कर 7 मवेशियों को मुक्त कराया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गौ तस्करी जैसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी मनोरा के सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, रितेश भगत, अरविंद साय, संजीव कुजूर और नीलीन साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।











