



संपादक चंद्रशेखर जायसवाल

ब्यूरो चीफ हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़
लैलूंगा/मुकडेगा, 09 जुलाई 2026।
Cglive.co.in में लगातार प्रकाशित खबरों का बड़ा असर देखने को मिला है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद मिलने की खबर सामने आने के बाद एकीकृत बाल विकास परियोजना मुकडेगा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं सहित कुल 8 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
परियोजना अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र बिना किसी पूर्व सूचना के बंद पाए गए। संबंधित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने न तो अपने पर्यवेक्षक को इसकी जानकारी दी और न ही किसी प्रकार की अनुमति ली। इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए उनका मानदेय रोकने की अनुशंसा की गई है।
इन केंद्रों पर हुई कार्रवाई
सोनाजोरी-2 – कार्यकर्ता सबीना मिंज, सहायिका तुलसीना यादव
तोलमा – कार्यकर्ता निमन्ती लकड़ा, सहायिका अंजना टोप्पो
सराईपारा (सोनाजोरी) – कार्यकर्ता सुनीता तिर्की, सहायिका अंजना लकड़ा
पकरीपारा, चंवरपुर – कार्यकर्ता कंचन पैंकरा, सहायिका किरण पैंकरा
सभी को तीन दिवस के भीतर परियोजना अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्ति की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
परियोजना अधिकारी ने आदेश की प्रतिलिपि जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग रायगढ़ तथा संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
Cglive.co.in की खबर के बाद हुई इस त्वरित कार्रवाई से यह साफ संकेत मिला है कि आंगनबाड़ी केंद्रों की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र के लोगों ने भी कार्रवाई का स्वागत करते हुए नियमित निगरानी और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है।








