
बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने राहगीर से मोबाइल झपटमारी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जोगीपुर निवासी योगेश यादव (19 वर्ष) ने 24 जुलाई को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। सूरजपुर पुल के पास हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवकों ने इमरजेंसी में कॉल करने का बहाना बनाकर उसे रोका। जैसे ही उसने मोबाइल निकाला, आरोपियों ने मोबाइल झपट लिया और उसकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल, तुषार साहू, अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने राकेश पोर्ते के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ धारा 304(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।








