
बिलासपुर। बिलासगुड़ी स्थित रक्षित केंद्र में रविवार को पुलिस विभाग के प्र.आर. ध्रुव पाण्डेय (यातायात) के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। लगभग 40 वर्षों की उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्कलंक सेवा पूर्ण करने पर उन्हें शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि श्री ध्रुव पाण्डेय ने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका कार्य और व्यवहार पुलिस विभाग के युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने श्री पाण्डेय के सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका लंबा सेवाकाल विभाग के लिए गौरव का विषय रहा है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय पारिवारिक जीवन की कामना की।कार्यक्रम के दौरान अनामिका पाण्डेय तथा उनके दोनों पुत्र भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने श्री ध्रुव कुमार पाण्डेय का सम्मान करते हुए उनके चार दशक के अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना की। समारोह का वातावरण भावुक एवं आत्मीय रहा, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।इस अवसर पर डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, सीएसपी कोतवाली टिकेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, मुख्य लिपिक रफीक खान सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








