


फील्ड पुलिसिंग की मजबूती के लिए जवानों के वेलफेयर को प्राथमिकता
नए कानूनों के क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की भूमिका पर जोर
राजपत्रित अधिकारियों से अनुविभागवार कानून-व्यवस्था की ली जानकारी
थाना चक्रधरनगर का किया औचक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों से संवाद कर बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश
थाना चक्रधरनगर की व्यवस्थाओं और ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की किये सराहना

पत्रकार हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़
22 अगस्त, रायगढ़ । पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय प्रवास पर जिला रायगढ़ पहुंचे। पुलिस कार्यालय में कार्यालयीन स्टाफ की बैठक लेकर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी गर्ग ने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है और कार्यालय का बेहतर कामकाज सीधे तौर पर पूरे जिले की पुलिसिंग पर प्रभाव डालता है। उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत अधिकारियों एवं जवानों को मिलने वाले वेतन, देयक, अवकाश तथा कल्याणकारी सुविधाओं का प्राथमिकता के साथ समय पर निराकरण किया जाए।
हर शाखा के कामकाज की बारीकी से समीक्षा
बैठक के दौरान आईजी गर्ग ने पुलिस कार्यालय की एक-एक शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समय-समय पर होने वाले ऑडिट का एसएसपी श्री शशिमोहन द्वारा भौतिक सत्यापन, चिटफंड प्रकरणों में हुई प्रगति, विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा पुलिस कार्यालय में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय वाहनों एवं अन्य शासकीय संपत्तियों के रख-रखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा।
सीसीटीएनएस को बताया नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की अहम कड़ी
निरीक्षण के दौरान आईजी गर्ग ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के तहत ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक तथा अन्य डिजिटल प्रक्रियाओं का संचालन सीसीटीएनएस के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को इन तकनीकी व्यवस्थाओं का विशेष प्रशिक्षण देने तथा उन्हें इसके प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिले की शिकायतों, अपराधों और पुलिसिंग की भी समीक्षा
आईजी श्री गर्ग ने अपने निरीक्षण के दौरान जिले में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
राजपत्रित अधिकारियों से ली अनुविभागवार कानून-व्यवस्था की जानकारी
पुलिस कार्यालय के स्टाफ के साथ बैठक के बाद आईजी श्री गर्ग ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अनुविभागवार कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद-कार्य का लिया जायजा
देर शाम पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर गर्ग द्वारा थाना चक्रधरनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा मौजूद रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा एवं थाना स्टाफ द्वारा आईजी गर्ग का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना चक्रधरनगर के पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी ली तथा विवेचक कक्ष, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष सहित थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना आने वाले शिकायतकर्ताओं तथा पुलिस स्टाफ के लिए की गई बैठक व्यवस्था, हेल्प डेस्क एवं साफ-सफाई की सराहना की। सीसीटीएनएस कक्ष में उन्होंने सीसीटीएनएस आरक्षक से ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और थाना चक्रधरनगर में ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की व्यवस्था की विशेष प्रशंसा की। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आईजी को बताया कि रायगढ़ जिले के सभी थानों में सीसीटीएनएस के माध्यम से ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की जा रही है तथा काफी समय से मैनुअल रोजनामचा लेखन बंद किया जा चुका है। आईजी गर्ग ने पुलिसिंग में तकनीक के प्रभावी उपयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत करने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना चक्रधरनगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के अंत में थाना चक्रधरनगर की ओर से आईजी राम गोपाल गर्ग को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके निर्देशों के अनुरूप पुलिसिंग को और बेहतर बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
आईजी गर्ग का संदेश
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि वे जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर रायगढ़ पहुंचे हैं। रायगढ़ जिला, बिलासपुर रेंज में जिला बिलासपुर के बाद दूसरा सबसे बड़ा जिला है और यहां की पुलिसिंग की चुनौतियां भी अलग हैं। पुलिसिंग में पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक मामलों का शत प्रतिशत समयबद्धता निराकरण कराने का आह्वान किया!
उन्होंने जिला रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पुलिसिंग और नियंत्रण व्यवस्था की सराहना किया |






