
कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा बस्ती में बिजली का केबल बार-बार जलने और टूटकर नीचे गिरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह, दोपहर, शाम या रात किसी भी समय केबल जलने की समस्या सामने आ जाती है। कई बार विद्युत विभाग के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बावजूद अब तक जर्जर केबल को नहीं बदला गया है।ग्रामीणों के मुताबिक, केबल टूटकर सड़क और घरों के आसपास गिर जाता है। ऐसे में छोटे बच्चे भी आसपास खेलते रहते हैं, जिससे कभी भी गंभीर विद्युत हादसा हो सकता है। केबल जलने पर कई बार रातभर बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर केबल को बदलने के बजाय बार-बार अस्थायी मरम्मत कर काम चलाया जा रहा है। इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल नया केबल लगाने की मांग की है।

विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा ने कहा कि बार-बार केबल जलना गंभीर समस्या है। विद्युत विभाग को तत्काल जर्जर केबल हटाकर नया केबल लगाना चाहिए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो और ग्रामीणों को बार-बार बिजली कटौती का सामना न करना पड़े।
ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने बताया कि पंचायत में नया केबल लगाने को लेकर सुशासन तिहार के दौरान भी आवेदन दिया गया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक पंचायत में नया केबल नहीं लगाया जा सका है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नया केबल लगाने की मांग की है।
ग्रामीण रामदरश मरावी ने कहा कि बिजली का केबल बार-बार कट जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। केबल खराब होने के कारण कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। विभाग को जल्द से जल्द नया और मजबूत केबल लगाना चाहिए, ताकि बार-बार होने वाली समस्या से निजात मिल सके।
ग्रामीण छितकुल मरावी ने कहा कि बिजली का केबल बार-बार जलने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। केबल के जलने के कारण कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। उन्होंने कहा कि जर्जर केबल को जल्द से जल्द बदलकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा बनी रहे।
ग्रामीण शिव कैवर्त ने बताया कि केबल कटने से बारिश का समय है बिजली बंद हो जाती है। रात के समय अंधेरा होने से छोटे-छोटे बच्चों को सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े-मकौड़ों का डर बना रहता है। बिजली की समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।






