
बिलासपुर -आंध्रा एसोसिएशन द्वारा संचालित श्री बालाजी विद्यामंदिर, देवेंद्र नगर, रायपुर में विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री, माननीय अमर अग्रवाल जी थे।


मुख्य अतिथि श्री अमर अग्रवाल जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्या के बिना जीवन में सफलता और विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर अनेक विद्यार्थी आज देश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ विद्यार्थियों को लेकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर बिलासपुर के पूर्व पार्षद, रेलवे जोन अध्यक्ष एवं कोरबा विधानसभा प्रभारी व्ही. रामा राव जी ने कहा कि माननीय अमर अग्रवाल जी का आंध्रा समाज एवं तेलुगु समाज के प्रति विशेष सहयोग और योगदान रहा है। उनके विधायक निधि से लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बिलासपुर में तेलुगु समाज के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका उद्घाटन 6 सितंबर 2026 को किया जाना है। उन्होंने कहा कि यह भवन पूरे छत्तीसगढ़ के तेलुगु समाज के लिए गौरव का विषय है और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।आंध्रा एसोसिएशन रायपुर के अध्यक्ष श्री जी. स्वामी जी ने विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने आंध्रा समाज एवं विद्यालय के विकास में माननीय अमर अग्रवाल जी द्वारा किए गए सहयोग एवं कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

आंध्रा एसोसिएशन के सचिव श्री टी. श्रीनिवास रेड्डी जी ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में बिलासपुर से छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंगम के उपाध्यक्ष बी. वेणुगोपाल राव, सचिव आर. मनोरथ बाबू, एन. लोकेश, बी. वेंकट राव, चंद्राबाबू, बी. जगपति राव, आर. रामकुमार, जी. शंकर, एन. रमना मूर्ति, ए. वेंकटेश्वर राव, बालाजी, श्रीनिवास राव सहित आंध्रा समाज एवं तेलुगु समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।







