निःशुल्क जांच और दवाइयों का मिला लाभ, अंगदान-देहदान-रक्तदान के लिए 36 लोगों ने कराया पंजीयन
रायगढ़, 23 सितंबर 2026। सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला चिकित्सालय रायगढ़ में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा का लाभ उठाया। मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक जागरूकता
शिविर के दौरान लोगों को अंगदान, देहदान और रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई। इच्छुक लोगों के लिए मौके पर ही पंजीयन की व्यवस्था रखी गई, ताकि वे इस सामाजिक पहल से जुड़ सकें।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अंगदान, देहदान, नेत्रदान और रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा भावना को केवल किसी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू भी मौजूद रहे।
668 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि मेगा हेल्थ कैंप में कुल 668 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में मरीजों की जांच और उपचार के साथ जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि लोगों को अंगदान, देहदान और रक्तदान से जुड़ी जानकारी देने के साथ उन्हें इस पहल में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।
36 लोगों ने कराया पंजीयन
सीएमएचओ के अनुसार, जो लोग तत्काल निर्णय लेकर इस अभियान से जुड़ना चाहते थे, उनसे शिविर स्थल पर ही पंजीयन फॉर्म भरवाए गए। वहीं, निर्णय लेने के लिए समय चाहने वाले इच्छुक लोगों को फॉर्म उपलब्ध कराए गए।
अभियान के तहत अब तक 36 लोगों ने अंगदान, देहदान एवं रक्तदान के लिए पंजीयन कर फॉर्म भरा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
मेगा हेल्थ कैंप के दौरान सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, डीपीएम रंजना पैंकरा, बीएमई इंजीनियर नीतीराज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






