स्टेट गेस्ट का दर्जा, सुरक्षा और प्रोटोकॉल की व्यवस्था थी पूरी, मंगलवार को ही जारी हुए थे दिशा-निर्देश
SIR और मतदाता सूची पर घमासान के बीच टला दौरा, नई तारीख का इंतजार
7-8 अक्टूबर को रायपुर आने वाले थे मुख्य निर्वाचन आयुक्त, CEO दफ्तर ने शिष्टाचार विभाग को भेजा पत्र
रायपुर, 7 अक्टूबर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का 7 और 8 अक्टूबर का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक स्थगित हो गया है। उन्हें रायपुर आना था और उनके साथ भारत निर्वाचन आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी आने वाले थे। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय ने दौरा टलने की जानकारी राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को दी है। पत्र में कार्यक्रम स्थगित होने की वजह “अपरिहार्य कारण” बताई गई है।
कई दिनों से चल रही थी तैयारी, मंगलवार को ही जारी हुए थे दिशा-निर्देश
जानकारी के मुताबिक दौरे को लेकर राज्य में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। उनके ठहरने, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। राज्य सरकार ने ज्ञानेश कुमार को स्टेट गेस्ट का दर्जा भी दिया था और इसके लिए जरूरी प्रोटोकॉल जारी किए गए थे। मंगलवार को ही शिष्टाचार विभाग ने तैयारियों से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन कुछ ही समय बाद दौरा स्थगित करने की सूचना आ गई।
नई तारीख का इंतजार, फिलहाल रोकी गईं तैयारियां
दौरा स्थगित होने के बाद अब तक नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली से नया कार्यक्रम मिलने के बाद ही छत्तीसगढ़ को इसकी जानकारी दी जाएगी। फिलहाल राज्य में दौरे की तैयारियां रोक दी गई हैं और नई तारीख तय होने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।
मतदाता सूची और SIR पर देशभर में विवाद के बीच टला दौरा
यह दौरा ऐसे समय टला है, जब मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और SIR (Special Intensive Revision) को लेकर देश की राजनीति में विरोध और बहस जारी है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार सवाल उठा रहे हैं। 6 अक्टूबर को दिल्ली में भी विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालांकि छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित करने के लिए निर्वाचन कार्यालय की ओर से केवल “अपरिहार्य कारणों” का ही हवाला दिया गया है।






