
कोरबा । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छिंदपुर में गोटिया परिवार द्वारा राम सिंह राठौर की धर्मपत्नी रजनी देवी राठौर के निवास स्थान पर संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान व्यास पीठ पर विराजमान पंडित प्रणव पांडेय ने अपने मुखारविंद से मां भगवती की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्तिरस से भावविभोर किया।

कथावाचक पंडित प्रणव पांडेय ने शारदीय नवरात्रि के षष्ठम दिवस की अधिष्ठात्री देवी मां कात्यायनी की महिमा का वर्णन करते हुए उनकी आराधना, शक्ति और कृपा के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने देवी भागवत के प्रसंगों के माध्यम से चंड-मुंड, धूम्रलोचन एवं रक्तबीज के वध तथा सती चरित्र की कथा सुनाई। इन प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने धर्म की विजय, अधर्म के विनाश, नारी शक्ति की महत्ता और मां भगवती के दिव्य स्वरूप का संदेश दिया।

इस पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सहसंयोजक श्री चुलेश्वर राठौर ने व्यास पीठ पर पहुंचकर पंडित प्रणव पांडेय से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने देवी भागवत कथा के आयोजन को धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम में माधुरी राठौर समाजसेविका विजय राठौर जगदीश अग्रवाल, धर्मेंद्र राठौर, भानु राठौर, कमलाकांत पांडे, नीलम नारायण जायसवाल, अजय राठौर, वीरेंद्र राठौर, सूरज प्रकाश राठौर, कुश राठौर एवं संजीव राठौर सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से श्रद्धालु मां भगवती की महिमा का श्रवण कर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। आयोजन से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।











