वित्त मंत्री ने कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम, तालाबों के सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश
रायगढ़, 19 अक्टूबर 2026। रायगढ़ शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने दिए हैं। सोमवार को शहर के विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगति नगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा तालाब, मिट्ठूमुड़ा तालाब और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी जरूरी है, ताकि निर्माण की गुणवत्ता बनी रहे और लोगों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कैनाल लिंक रोड से शहर की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की। यह मार्ग केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू और ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ने की महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से शहर में आवागमन अधिक सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़ी सीमांकन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में समन्वय बनाए रखने तथा आसपास रहने वाले नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा।
बोइरदादर स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विकास पर जोर
बोइरदादर स्टेडियम में वित्त मंत्री ने ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबे को हटाकर परिसर को व्यवस्थित रखने के लिए भी कहा। वित्त मंत्री ने जोर दिया कि खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए। खिलाड़ियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए ओपन जिम जैसी सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
शहर के तालाबों को बेहतर और आकर्षक स्वरूप देने के लिए चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। फटहामुड़ा तालाब में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनसे तालाब परिसर नागरिकों के भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए उपयोगी बन सकेगा।
वित्त मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा आवश्यक सुधार करने को कहा।
वहीं, मिट्ठूमुड़ा तालाब में मुख्य सड़क से प्रवेश द्वार को जोड़ने, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम और परिधीय विकास से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों के कार्यक्रमों के लिए स्थल और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। वित्त मंत्री ने तालाब के विकास को समग्र परियोजना के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान नागरिकों की मांग पर मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता देने की बात भी कही।
मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन की सुविधाओं की समीक्षा
वित्त मंत्री ने प्रगति नगर मरीन ड्राइव क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां शहरवासियों के लिए ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इन सुविधाओं का उद्देश्य नागरिकों को हरित, स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना है। वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी की जाएं।
विकसित छत्तीसगढ़ में रायगढ़ की होगी अहम भूमिका: ओपी चौधरी
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों का दौरा करना नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। जनप्रतिनिधियों, महापौर, पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने से कार्यों की वास्तविक स्थिति समझने के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं और जरूरी सुधारों की जानकारी मिलती है।
उन्होंने कहा कि कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम, दोनों तालाबों के सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन सहित विभिन्न परियोजनाओं को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। रायगढ़ लंबे समय से प्रदेश के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। अब शहर अन्य क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका मजबूत करे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
वित्त मंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रायगढ़ महत्वपूर्ण योगदान देगा। इसके लिए जरूरी है कि शहर की विकास परियोजनाएं योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।











