
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा में धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से स्टील का बना धारदार बटननुमा चाकू बरामद कर जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को थाना सरकंडा पुलिस टाउन भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिंगराजपारा स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक हाथ में बड़ा धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी, पिता छोटू सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी प्रभात चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्टील का बना धारदार बटननुमा चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई।











