राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत मिली उपलब्धि, भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम ने 12 विभागों की सेवाओं का किया मूल्यांकन
रायगढ़, 12 अक्टूबर 2026। जिले के रामभांठा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के मूल्यांकन में 88.79 प्रतिशत अंक हासिल कर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित इस स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एनक्यूएएस) के तहत गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन के निर्धारित मानकों पर केंद्र के प्रदर्शन को दर्शाती है।
भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम ने किया निरीक्षण
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का विभिन्न स्तरों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें संस्थान के स्वयं के आकलन के बाद जिला और राज्य स्तरीय टीमों द्वारा मूल्यांकन किया जाता है। इन चरणों में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले संस्थानों को केंद्र सरकार के बाह्य मूल्यांकन के लिए नामांकित किया जाता है। इसके बाद विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण और निर्धारित मानकों पर संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर गुणवत्ता प्रमाण पत्र दिया जाता है।
इसी प्रक्रिया के तहत रामभांठा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का 17 और 18 जुलाई 2026 को दो दिवसीय निरीक्षण किया गया। भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम में डॉ. अजय सिंह और डॉ. विवेक भारती शामिल थे।
12 विभागों की सेवाओं का हुआ मूल्यांकन
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के 12 विभागों की सेवाओं का बारीकी से आकलन किया गया। इनमें सामान्य ओपीडी, मातृ स्वास्थ्य, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों का उपचार, ड्रेसिंग एवं आपातकालीन सेवाएं, औषधि वितरण, प्रयोगशाला, आउटरीच सेवाएं और सामान्य प्रशासन शामिल रहे।
विशेषज्ञ टीम ने मरीजों के अधिकार, आधारभूत सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं के परिणामों की भी समीक्षा की। इसके अलावा साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभिलेखों एवं रिपोर्टिंग के संधारण और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दी बधाई
रामभांठा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गुणवत्ता प्रमाण पत्र मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पटनायक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मृति अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारियों और संबंधित टीम ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों को लगातार बनाए रखने और मरीजों को सुरक्षित, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।











