ट्रक चालक ने गैरेज संचालक के साथ मिलकर रची थी साजिश, करीब 5 लाख रुपये का लोहा जब्त
रायगढ़। औद्योगिक संस्थान से रायपुर भेजे जा रहे लोहे के क्वायल में करीब 5 टन की हेराफेरी करने के मामले का पूंजीपथरा पुलिस ने खुलासा किया है। ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में दो क्वायल उतारकर गैरेज में छिपा दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर करीब 5 टन वजन के दो बंडल लोहे के क्वायल, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

धर्मकांटा में 5 टन माल कम मिलने पर सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए ट्रक क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर रवाना किया गया था। 11 सितंबर को ट्रक रायपुर पहुंचा और धर्मकांटा में वजन कराया गया, तो करीब 5 टन माल कम मिला। इसके बाद ट्रक चालक मुरली साहू वाहन छोड़कर फरार हो गया।
इस मामले में 22 सितंबर को प्लांट के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय ने थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत धारा 316(3) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
भाई के ड्राइविंग लाइसेंस का किया गया इस्तेमाल
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को ट्रक चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि मुरली ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। अपराध में सहयोग और जानबूझकर दस्तावेज उपलब्ध कराने के साक्ष्य मिलने पर मुरली साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गैरेज में छिपाकर रखे थे लोहे के दो क्वायल
इसके बाद पुलिस ने 1 नवंबर को चेतन साहू उर्फ रामजाने को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास स्थित हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता से हुई थी। दोनों ने मिलकर बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतारकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी।
योजना के तहत 9 सितंबर को चेतन साहू ने अपने भाई मुरली के लाइसेंस का उपयोग कर ट्रक से दोनों क्वायल उतरवाए और संतोष गुप्ता ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपाकर रख दिया। चेतन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गैरेज में दबिश दी और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। पुलिस ने गैरेज से करीब 5 टन वजन के दोनों क्वायल बरामद कर जब्त कर लिए।
बिहार और रायपुर के निवासी हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में संतोष कुमार गुप्ता (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोरी, जिला रोहतास, बिहार, वर्तमान पता बाबाधाम बाईपास रोड, दरोगामुड़ा, रायगढ़ और चेतन साहू उर्फ रामजाने (30 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया











