
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.3 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 3,100 रुपये बताई गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोघरा निवासी प्रेम प्रसाद चतुर्वेदी (35 वर्ष) अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना पर बिल्हा पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दुकान की तलाशी ली, जहां से 20 पाव देशी प्लेन और 15 पाव देशी मसाला शराब, कुल 35 पाव (6.3 लीटर) बरामद की गई।आरोपी के खिलाफ थाना बिल्हा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीति पैकरा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।








