कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को पालकों के साथ दस्तावेज लेकर होना होगा उपस्थित
रायगढ़, 2 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यार्थी उड़ान योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के तहत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
काउंसलिंग का आयोजन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला रायगढ़ कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अपने पालकों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग में इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा 4वीं एवं 5वीं की अंकसूची, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो की सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
अनुपस्थिति पर संबंधित की होगी जिम्मेदारी
निर्धारित तिथि और समय पर विद्यार्थी अथवा उनके पालक के उपस्थित नहीं होने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित की होगी। इसलिए मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों और उनके पालकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने कहा गया है।






