100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण प्रसव के साथ जटिल एवं रेफर मामलों का विशेषज्ञ टीम कर रही कुशल प्रबंधन
कहानी सेवा की : 100 बिस्तरीय अस्पताल में 1260 सुरक्षित प्रसव
रायगढ़, 23 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक बेहतर तरीके से पहुंचाने की दिशा में रायगढ़ का 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां गर्भवती माताओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही जटिल एवं रेफर किए गए मामलों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया जा रहा है।
1 अप्रैल से अब तक अस्पताल में कुल 1260 प्रसव सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं। यह आंकड़ा केवल एक संख्या नहीं, बल्कि उन परिवारों के भरोसे को दर्शाता है, जिन्हें सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा यहां मिली। रायगढ़ जिले के अलावा पड़ोसी जिलों से भी जटिल एवं रेफर किए गए मरीजों को प्रसव और आवश्यक उपचार के लिए इस अस्पताल में लाया जा रहा है। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समय पर उपचार एवं आवश्यक प्रबंधन उपलब्ध कराया जाता है।
चिकित्सकों और स्टाफ की टीमवर्क से मजबूत हुई सेवा
अस्पताल की इस उपलब्धि के पीछे चिकित्सकों और स्टाफ की निरंतर तत्परता, समर्पण और आपसी समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उषा रानी एवं डॉ. सुषमा खेस, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक अग्रवाल, निश्चेतन अधिकारी डॉ. पद्मलोचन एवं डॉ. उषा किरण भगत सहित ओटी और वार्ड स्टाफ की टीम मरीज केंद्रित सेवाओं को बेहतर बनाने में जुटी है। टीम का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव और प्रत्येक नवजात को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल की बढ़ती सेवाएं और सफल प्रसव लोगों के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत कर रहे हैं। सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ शिशु और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं—इसी संकल्प के साथ अस्पताल निरंतर आगे बढ़ रहा है।






